Wednesday, 6 January 2016

दिनांक 6 जनवरी 2016

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

सिंहस्थ में भेजेंगे निर्मल शिप्रा: कलेक्टर ने चलाया सफाई अभियान

        देवास 06 जनवरी 2016/ हमारे लिए गौरव की बात है कि पुण्य सलिला शिप्रा नदी हमारे जिले की भूमि से होकर निकली है। लेकिन आज इसमें गंदगी होने से यह दूषित हो रही है। हमें इसको साफ-स्वच्छ रखना है। हम इसे निर्मल बनाकर उज्जैन सिंहस्थ में भेजेंगे। देश भर के करोड़ों नर-नारी और हिमालय की कंदराओं से आए साधु-संत निर्मल जल में स्नान करेंगे तो उसका कुछ अंश पुण्य देवास वासियों को भी प्राप्त होगा। उक्त बातें कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को प्रात: 8.30 बजे ग्राम शिप्रा में शिप्रा नदी एवं घाटों के सफाई अभियान के दौरान कही।
        सफाई अभियान कार्यक्रम कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ। इस अभियान में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी, केपी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना, महिलाओं सहित आसपास के ग्रामीणों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह, तहसीलदार तथा अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
छ: सेक्टरों में किया विभाजित
        शिप्रा में सफाई अभियान कलेक्टर श्री अवस्थी के निर्देश अनुसार छ: सेक्टरों में विभाजित किया गया। हर एक सेक्टर की एक मानक दूरी तय की गई थी। जिसमें जनपद पंचायत देवास, जिला होमगॉर्ड, एनसीसी सहित अन्य समूहों ने उत्साह  नदी एवं दोनों घाटों की सफाई की। सेक्टर क्रमांक 1 एवं 2 में जनपद पंचायत देवास, सेक्टर क्रमांक 3 में  कृषि विभाग एवं जन अभियान परिषद तथा उद्यानिकी विभाग, सेक्टर क्रमांक 4 में  शिक्षा विभाग, एनएसएस, उपयंत्री जनपद पंचायत देवास तथा सेक्टर क्रमांक 5 एवं 6 में एनसीसी एवं नेहरू युवा केंद्र ने सफाई की। साथ ही कलेक्टर अवस्थी ने नाव में बैठकर शिप्रा नदी के नए पुल पास जाकर घाटों का ‍निरीक्षण किया। आगामी दिनों में इन घाटों की भी सफाई की जाएगी।
कचरा एवं पॉलीथीन को उठाया
    कलेक्टर सहित अन्य उपस्थितजनों ने जगह-जगह से पॉलीथीन, हार-फूल, लकड़ियां, कपड़े सहित अन्य सामग्रियों को उठाकर बाहर फेंका। कलेक्टर ने शिप्रा नदी में करीब 2 हजार से अधिक मछलियों को छोड़ा।
नदी में न फेंके निर्माल्य
        कलेक्टर ने बताया कि निर्माल्य सामग्रियों से शिप्रा नदी अशुद्ध होती है। हमें इस प्रकार की वस्तुएं नदी में नहीं डालना चाहिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नदी किनारे तथा पुल में साइन बोर्ड लगाकर आमजनों से कहा जाए कि नदी में निर्माल्य नहीं फेंके।
शुद्धता की शपथ दिलाई
        इस अवसर पर कलेक्टर श्री अवस्थी ने शिप्रा नदी हमेशा साफ-स्वच्छ एवं शुद्ध रहे, इसके लिए वहां उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। सफाई अभियान में निकटवर्ती इलाकों के ग्रामीणजन भी शामिल हुए।










---------------------------------

कलेक्टर ने की रोजगार मूलक योजनाओं की समीक्षा

        देवास 06 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने गत दिवस रोजगार मूलक योजनाओं की बैठक ली। कलेक्टर ने पाया कि रोजगार मूलक योजना के अंतर्गत आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध प्रगति ठीक नहीं है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंत्व्यवसायी द्वारा बताया गया कि प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा एवं देना बैंक द्वारा पिछले वर्ष के 5 एवं 8 प्रकरणों में राशि स्वीकृत नहीं की गई है। जिससे  हितग्राहियों को राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। यह स्थिति ठीक नहीं है। बैठक में महाप्रबंधक लीड बैंक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंत्व्यवसायी, महाप्रबंधक उद्योग विभाग, प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा एवं देना बैंक एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे। महाप्रबंधक लीड बैंक को उक्त दोनों बैंकों के प्रबंधकों को समक्ष में उपस्थित कराने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक उद्योग विभाग द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 90 प्रतिशत तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 35 में से 25 प्रकरण तैयार किए जा चुके हैं। अंकित मेहता का लंबित प्रकरण स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक लीड बैंक सभी बैंकों के प्रबंधकों से चर्चा कर राशि हितग्राहियों को स्वीकृत कर भुगतान कराने के निर्देश दिए गए है।
जनशिक्षकों के विरूद्ध करें कार्रवाई
        एक अन्य बैठक में कलेक्टर ने लापरवाह जनशिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिए। कलेक्टर ने बताया कि उदयनगर तहसील के कुछ स्कूल बंद रहने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। उन्होंने डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र को निर्देश दिए कि वहां जाकर तत्काल निरीक्षण करें और रात्रि विश्राम करें तथा जन शिक्षकों के विरूद्ध कार्रवाई करें।
सांसद आदर्श ग्राम में सभी विभाग कार्य पूर्ण करवाएं
        बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत ग्राम अजनास में सभी जिला अधिकारी अपने विभाग के जो कार्य करवाएं जा रहे हैं। उनको पूर्ण करवाएं तथा उसकी अद्यतन जानकारी सीईओ जिला पंचायत को तत्काल भेंजे।
पल्स पोलियो अभियान चलाए
        बैठक में कलेक्टर ने पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2016 में प्रथम चरण 17 जनवरी से 19 जनवरी 2016 को 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को जिले में सूचीबद्ध कर दो बूंद जिदंगी को दी जाना है। इस कार्य को विधिवत संपादन के लिए एएनएम, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं महिला बाल विकास अधिकारी तथा जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
--------------------------------

कलेक्टर श्री अवस्थी आज रहेंगे टोंकखुर्द के दौरे पर

       देवास 06 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी गुरूवार 7 जनवरी को टोंकखुर्द विकासखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विकासखंड में हो रहे विकास कार्यों एवं अन्य कार्यों की समीक्षा करेंगे।
------------------------------

        सभी विधानसभा क्षेत्र में खुलेंगे ओबीसी छात्रावास

मंत्री श्री आर्य की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक

       देवास 06 जनवरी 2016/प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास खुलेंगे। यह जानकारी पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य की अध्यक्षता में गत दिवस भोपाल में हुई पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक में दी गई। समिति ने सामूहिक रूप से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति योजना में आय सीमा, शुल्क राशि, अनुरक्षण भत्ता बढ़ाने, छात्रगृह योजना का लाभ देने, वार्षिक आयोजना सीमा में वृद्धि, पिछड़ा वर्ग की भाँति ही अल्पसंख्यक के लिए भी विकास योजनाएँ प्रारंभ करने, राज्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम द्वारा राष्ट्रीय निगमों की योजना संचालित करने का सुझाव दिया।
       समिति सदस्यों ने अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति पिछड़ा वर्ग के समान करने का भी सुझाव दिया। विधायक श्री बेलसिंह भूरिया के सुझाव पर धार जिले के सरदारपुर में मारु-कुमावत जाति को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की कार्यवाही अविलम्ब आरंभ करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि भोपाल में 4 अल्पसंख्यक छात्रावास बनाए गए हैं। जिनमें से एक आरंभ हो चुका। शेष सत्र 2016-17 में शुरू हो जाएंगे।
       समिति के सदस्य विधायक श्री आरिफ अकील, श्री मेहरबान सिंह रावत, श्री बेल सिंह भूरिया और श्री मथुरालाल डामरे, अपर मुख्य सचिव पिछड़ा वर्ग एंव अल्पसंख्यक कल्याण श्री राकेश अग्रवाल, आयुक्त श्रीमती उर्मिल मिश्रा बैठक में उपस्थित थीं।
-------------------------

विवेकानन्द जयंती पर 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार होगा

11 बजे के स्थान पर सुबह 9.15 बजे से होगा आयोजन

       देवास 06 जनवरी 2016/मध्यप्रदेश में पिछले वर्षों की तरह इस साल भी स्वामी विवेकानन्द के जन्म दिवस 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार होगा। युवा दिवस के रूप में मनाये जाने वाले इस दिन प्रदेश के सभी विद्यालय, महाविद्यालय, पंचायत और आश्रम शालाओं में सुबह 9.15 से 10.00 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार किया जायेगा। पहले सूर्य नमस्कार का समय पूर्वान्ह 11 बजे से 12.30 बजे निर्धारित था। सूर्य नमस्कार का सीधा प्रसारण आकाशवाणी के सभी केन्द्र से प्रसारित होगा। यह जानकारी अपर मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा श्री एस.आर.मोहंती की अध्यक्षता में मंत्रालय में गत दिवस हुई बैठक दी गई।
       श्री एस.आर.मोहंती ने सूर्य नमस्कार की तैयारियों की समीक्षा कर उसे विगत वर्षों की अपेक्षा और अधिक व्यापक बनाने के निर्देश दिये। श्री मोहंती ने कहा कि सभी जिलों में आयोजन की तैयारियों को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाये। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मिडिल स्कूल से लेकर हॉयर सेकेण्डरी तक के बच्चों को सूर्य नमस्कार में शामिल करवाया जाये। आयोजन स्थल पर पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। सूर्य नमस्कार में स्कूलों के अलावा कॉलेज, तकनीकी शिक्षा, पशु चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा और कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थी भी भाग लेंगे। उन्होंने बतायाकि भोपाल में सूर्य नमस्कार का मुख्य समारोह शाहजहांनाबाद स्थित बॉबे अली मैदान पर होगा। सूर्य नमस्कार एवं प्राणायम के पहले राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम्, मध्यप्रदेश गान, स्वामी विवेकानन्द की अमृत वाणी तथा मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण होगा।
       बताया गया कि युवा दिवस पर स्वामी विवेकानन्द पर केन्द्रित शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन में स्वयं सेवी संगठन और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। आयोजन में भाग लेने के लिये मंत्रीगण, सांसद, विधायक के अलावा अन्य जन-प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। सभी शिक्षण संस्थाओं में एक संकेत के साथ सूर्य नमस्कार होगा। जिन संस्थाओं के पास मैदान नहीं हैं, वे निकटतम संस्था/ मैदान में सूर्य नमस्कार करेंगे।
       जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में अधिकारियों की समिति गठित की गई है। समिति में पुलिस अधीक्षक, सीईओ जिला पंचायत, डीईओ, सहायक आयुक्त आदिम-जाति कल्याण, जिला परियोजना समन्वयक, जिला जनसम्पर्क अधिकारी, सीएमएचओ, शिक्षा महाविद्यालय और डाईट के प्राचार्य, कलेक्टर द्वारा नामांकित 5 अशासकीय संगठन के सदस्य, डूडा के परियोजना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा कलेक्टर द्वारा नामित अन्य अधिकारी शामिल किये गये हैं। समिति अशासकीय शिक्षण संस्थाओं, पालक-शिक्षक संघ, योग संस्था, खेल क्लब आदि की भी सहभागिता सुनिश्चित करेगी।
       आयोजन में कक्षा 1 से 5 वीं तक के बच्चे दर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे। सूर्य नमस्कार के सीधे प्रसारण की व्यवस्था रेडियो के सभी प्रायमरी चेनल और विविध भारती से की गई है। शासन ने सभी आयोजन स्थल पर रेडियों की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये हैं। उच्च शिक्षा, आदिम-जाति, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, वन, सहकारिता, पशु चिकित्सा, कृषि, तकनीकी शिक्षा आदि विभाग को अपने अधीनस्थ संस्थाओं और स्वैच्छिक संगठनों के लिये निर्देश जारी करवाने को कहा गया है।
       बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्री के.के. सिंह, आयुक्त राज्य शिक्षा केन्द्र श्रीमती दीप्ति गौड़ मुखर्जी, आयुक्त लोक शिक्षण श्री डी.डी. अग्रवाल, संचालक जनसम्पर्क श्री अनिल माथुर, संचालक पशु चिकित्सा श्री आर.रोकड़े सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
---------------------------

सॉफ्टवेयर के माध्यम से जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वैध माने जायेंगे

       देवास 06 जनवरी 2016/आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन सॉफ्टवेयर के अंतर्गत जारी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की वैधता के संबंध में निर्देश जारी किये गये हैं। निर्देशों में कहा गया है कि भारत सरकार के द्वारा पूरे देश में जन्म-मृत्यु पंजीयन की घटनाओं के पंजीकरण के लिये कम्प्यूट्रीकृत जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रणाली लागू की गयी है। इसके माध्यम से जारी किये जाने वाले जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों का सत्यापन बेवसाइट एवं स्मार्ट के एप के द्वारा भी किया जा सकता है। इसलिये सॉफ्टवेयर के माध्यम से जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पूर्णतः वैधानिक दस्तावेज हैं जिसे शासकीय अथवा अशासकीय उपयोगों के लिये मान्य किया जाना चाहिये। इस संबंध में जिला रजिस्टार जन्म-मृत्यु एवं जिला योजना अधिकारी द्वारा जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को सूचित किया गया है।
--------------------------------



No comments:

Post a Comment