02-04-2016
राज्य एवं जिला बीमारी सहायता निधि
योजना के तहत अब पंजीकृत श्रमिकों को भी इलाज के लिये मिलेगी मदद
जिला
जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र
।।
कलेक्टर द्वारा खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण
देवास, 02 अप्रैल
2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज शनिवार
को सोनकच्छ पहुंचकर मंडी प्रागंण में चल रही गेहूं खरीदी का आकस्मिक निरीक्षण किया।
उन्होंने किसानों से खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। तौल कांटा चेक किया और तौले गए
अनाज को पुन: तुलवाकर देखा। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार व थाना प्रभारी को
निर्देश दिए कि खरीदी केंद्र की समय-समय पर निगरानी करते रहें। तुलावटी और हम्माल
किसी भी तरह से किसानों से कोई राशि नहीं लें। कलेक्टर ने किसानों के लिए छाया और पानी
की व्यवस्था के निर्देश दिए।
-----------------------
कलेक्टर ने गांव में स्वयं किया बी-वन का वाचन
राजस्व अभियान का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
देवास, 02 अप्रैल
2016/ जिले में एक अप्रैल से आरंभ हुए राजस्व
अभियान का प्रभावी क्रियांव्यन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज
शनिवार को गांव गढ़ खजुरिया का आकस्मिक भ्रमण किया। उन्होंने गांव में बी-वन वाचन की
प्रक्रिया देखी। उन्होंने स्वयं भी बी-वन का वाचन कर एक-एक किसान का नाम पुकारा। गांव
में छ: साल पहले शांत हुए बोंदालाल पिता देवीराम की जमीन का नामांतरण अभी तक उसकी संतानों
में नहीं किया जाना पाया गया। अन्य किसानों के फौती नामांतरण सही पाए गए। कलेक्टर ने
ग्रामवासियों से पिछले पांच-छ: सालों में मृत किसानों की जानकारी ली। इन सभी प्रकरणों
पर फौती नामांतरण के निर्देश उपस्थित पटवारी को दिए। इस दौरान तहसीलदार सोनकच्छ पल्लवी
पुराणिक भी उपस्थित थी।
कलेक्टर ने जिले के सभी पटवारियों
को निर्देश दिए है कि राजस्व अभियान में बी-वन वाचन के दौरान पंचायत के जन्म-मृत्यु
रजिस्टर भी देखें। मृत्यु रजिस्टर में दर्ज नाम से अपने अभिलेख का परस्पर परीक्षण करें।
जिन किसानों की मौत हो गई हैं, उनका नामांतरण स्वमेव संतानों में करें।
तालाब
निर्माण की दूर हुई बाधा
गढ़ खजुरिया गांव में ग्रामीणों द्वारा
जल समस्या बनाए जाने पर कलेक्टर ने गांव में तालाब निर्माण काम में आई बाधा को मौके
पर ही दूर कराया। वन भूमि संबंधी रूकावट दूर करने के लिए मौके से ही वन संरक्षक पीएस
चंपावत से दूरभाष पर चर्चा की ओर सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा को काम आरंभ कराने
के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामवासियों को छोटी-छोटी जल संरचनाएं बनाने की व्यवहारिक
सीख दी।
-----------------------
आंगनवाड़ियों की कलेक्टर ने कराई गोपनीय जांच
देवास, 02 अप्रैल
2016/ नगर में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्रों
की कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा अन्य विभाग द्वारा गोपनीय जांच कराई गई। यह जांच महिला
सशक्तिकरण कार्यालय के माध्यम से कराई गई। कुल 21 केंद्रों में दो केंद्र ऐसे पाए गए,
जिनमें दर्ज 50-60 बच्चों के स्थान पर चार-पांच बच्चों की ही प्रतिदिन उपस्थिति पाई
गई। कलेक्टर ने जिला महिला बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव को निर्देश दिए कि इन दोनों
केंद्रों को गरीब बस्तियों में तत्काल स्थानांतरित करें ताकि वास्तविक पात्र बच्चों
को लाभ मिल सके। उपरोक्त दोनों आंगनवाड़ी केंद्र जहां पर बच्चें कम पाए गए वे वार्ड
क्रमांक 28 कर्मचारी कॉलोनी में आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 6 तथा वार्ड क्रमांक 23 कालानीबाग
में आंगनवाड़ी केंद्र एक हैं।
--------------------------
छ: व्यक्तियों
को 82 हजार 500 रुपए की
निर्धनता सहायता
स्वीकृत
देवास, 02 अप्रैल 2016/ मंत्री स्वेच्छानुदान निधि
से उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी की अनुशंसा पर कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी द्वारा 6 व्यक्तियों को निर्धनता सहायता के रूप में 82 हजार 500 रुपए
की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
जारी आदेश
अनुसार बागली विकासखंड के अंतर्गत हाटपीपल्या नगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी संदीप
बिंजवा को 15 हजार रुपए, लोकेश कुंभकार को 15 हजार रुपए, मांगीलाल पाटीदार को 15 हजार
रुपए, गोपाल राजावत को 15 हजार रुपए, अनिल नेमीचंद तंवर को 7500 रुपए तथा जीवन उदावत
को निर्धनता सहायता की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
----------------------
दो निर्माण कार्यों
के लिए 2 लाख 10 हजार रुपए की राशि स्वीकृत
देवास,
02 अप्रैल 2016/ विधानसभा
क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री एवं हाटपीपल्या विधायक
श्री दीपक जोशी की अनुशंसा पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा 2 निर्माण कार्यों के लिए
2 लाख 10 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
जारी आदेश अनुसार देवास विकासखंड के ग्राम हापाखेड़ी
में सीसी रोड निर्माण के लिए एक लाख रुपए तथा ग्राम पूवार्ड़ा में सीसी रोड निर्माण
के लिए एक लाख 10 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है।
------------------------
सड़क दुर्घटना के प्रकरण में
कलेक्टर
द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत
देवास, 02 अप्रैल 2016/ कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी ने सड़क दुर्घटना के प्रकरण में पीड़ित को सड़क दुर्घटना योजना अंतर्गत
7 हजार 500 रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
अनुविभागीय
अधिकारी (राजस्व) सोनकच्छ एवं संबंधित तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर यह सहायता
दी गई है। गत 14 जून 2015 को विवेक जाट निवासी ग्राम कुमारियाराव तहसील सोनकच्छ बायपास
रसूलपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। सड़क दुर्घटना में घायल होने पर
"सड़क दुर्घटना योजना" अंतर्गत घायल को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
--------------------------
ओपन कुश्ती में
पहलवानों ने प्राप्त की विजय
देवास, 02 अप्रैल 2016/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग
देवास द्वारा इंडोर स्टेडियम भोपाल रोड में संचालित जिला कुश्ती प्रशिक्षण केन्द्र
के पहलवानों ने शमशाबाद आगरा उत्तरप्रदेश व धौलपुर (राजस्थान) में आयोजित ओपन कुश्ती
प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजय प्राप्त की। उक्त प्रतियोगिता में अजीज
पहलवान, वीरेन्द्र पहलवान, कुलदीप मंडलोई पहलवान, संदीप यादव पहलवान, गोकुल पहलवान,
राकेश पहलवान, कुलदीप यादव पहलवान, आकाश पहलवान ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
पहलवानों
के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला खेल अधिकारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी
ने केन्द्र पर पहुंचकर पहलवानों का सम्मान किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी ने खेल
विभाग की ओर से यशवंत व्यायामशाला के पदाधिकारियों को कुश्ती मेट कवर भी प्रदाय किया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष यशवंत व्यायामशाला को कुश्ती के गद्दे
प्रदाय किए गए थें। जिससे देवास के कुश्ती खिलाड़ी आधुनिक कुश्ती जो कि मेट पर होती
हैं। कुश्ती मेट पर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
इस अवसर
पर रमाकांत देशमुख, युनूस खान, अनिल सिंह बैस, अशोक गायकवाड़, संजय पानसरे, अभिजीत
सिंह, भावेश वहलवान, अजीम शेख सहित कई कुश्ती प्रेमी एवं पहलवान उपस्थित थे।
-------------------------
फरार आरोपी जीवन की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित
देवास, 02 अप्रैल 2016/ पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला द्वारा फरार आरोपियों को
बंदी बनाने, बंदी बनाने के लिए सूचना देने वालों 5 हजार रुपए की इनाम की उद्घोषणा की
गई है।
जारी आदेश
अनुसार 21 फरवरी 2012 को फरियादी बाबूलाल मालवीय निवासी कुमारिया बनवीर थाना सोनकच्छ
ने रिपोर्ट की कि उसकी बालिका वर्षा उम्र 13 वर्ष को आरोपी जीवन पिता पुंजीलाल निवासी
भूतियाखुर्द उम्र करीब 25 वर्ष 20 फरवरी जून 2012 को सोनकच्छ थाना के पीलिया खाल से
बहला फुसलाकर भगाकर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सोनकच्छ द्वारा 29 अक्टूबर
2012 को अपराध धारा 363,366 भादवि का पंजीबद्ध किया। प्रकरण का आरोपी जीवन पुंजीलाल
निवासी भुतियाखुर्द घटना दिनांक से फरार है।
पुलिस अधीक्षक
शशिकांत शुक्ला ने बताया है कि प्रकरणों में फरार आरोपी को जो कोई व्यक्ति बंदी बनाएगा,
बंदी करवाएगा, बंदी बनाए जाने के लिए सूचना देगा या बंदीकरण का विरोध करने पर विधि
संगत बल का प्रयोग कर बंदी बनाएगा या बंदी करेगा, उसे पुलिस रेग्युलेशन अनुसार 5 हजार
रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने की दशा में धनराशि का
समान रूप से वितरण होगा। इनाम वितरण के संबंध में निर्णय पुलिस अधीक्षक देवास का होगा।
-----------------------
अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम उपाध्यक्ष श्री अहिरवार चार अप्रैल को देवास
आएंगे
देवास, 02 अप्रैल
2016/ मप्र राज्य सहकारी अनुसूचित जाति
वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा भुजबलसिंह अहिरवार 4 अप्रैल को
दोपहर एक बजे देवास आएंगे। वे इस दौरान सर्किट हाउस में विभाग के अधिकारी से योजनाओं
की समीक्षा करेंगे एवं श्री राजपूत पर निवास बैठक लेंगे। इसके बाद माताजी के दर्शन
कर जनप्रनिनिधियों से भेंट करेंगे तथा रात्रि विश्राम कर 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे सीहोर
के लिए प्रस्थान करेंगे।
----------------------
राज्य एवं जिला बीमारी सहायता निधि
योजना के तहत अब पंजीकृत श्रमिकों को भी इलाज के लिये मिलेगी मदद
देवास, 02 अप्रैल
2016/राज्य एवं जिला बीमारी सहायता निधि
योजना का लाभ अब गरीबी रेखा से नीचे जीवपनयापन करने वाले परिवारों के साथ-साथ श्रमिक
वर्ग के लोगों को भी मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत चिन्हित गंभीर बीमारियों के इलाज
के लिये दो लाख रूपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इस योजना के अंतर्गत
राज्य शासन के नये दिशा-निर्देशानुसार अब गरीब परिवारों के गंभीर बीमारी से पीडित व्यक्तियों
के इलाज के लिये 2 लाख रूपये तक सहायता राशि स्वीकृत की जायेगी। पूर्व में इस योजना
के अंतर्गत जिला स्तर से एक लाख रूपये की राशि स्वीकृत किये जाने का प्रावधान था। इस
संबंध में राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आदेश जारी कर
दिये गये हैं। जारी आदेशानुसार इस योजना के अंतर्गत अब गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन
करने वाले परिवारों के साथ-साथ शासकीय वृद्धाश्रम एवं अनाथालय के रहवासी/ हितग्राही/
मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना के पंजीकृत हितग्राही, घरेलू कामकाजी महिला, हाथ ठेला
एवं सायकिल रिक्शा चालक, पथ पर विक्रय करने वाले पंजीकृत हितग्राही, हम्माल एवं तुलावटी
तथा संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल की संचालित योजनाओं में पंजीकृत हितग्राही और उसके
परिवार के सदस्य भी पात्र होंगे। ऐसे आवेदकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिये दो
लाख रूपये तक की आर्थिक मदद मुहैया करायी जायेगी। इसके लिये उन्हें निर्धारित प्रारूप
में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा। यह आवेदन लोक सेवा केन्द्र
में भी जमा किये जा सकते हैं। आवेदनों के निराकरण को लोक सेवा गारंटी योजना में शामिल
किया गया है। लोक सेवा गारंटी केन्द्र में इस संबंध में जमा किये गये आवेदनों का निराकरण
10 दिन के भीतर किया जायेगा। इसके लिये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पदाभिहित
अधिकारी हैं। निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण नहीं होने पर प्रथम अपील संभागीय
संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाओं को की जा सकती है। प्रथम अपील का निराकरण 15 दिन में
करने का प्रावधान है। द्वितीय अपील आयुक्त स्वास्थ्य सेवाओं को की जा सकती है।
क्र------------------
No comments:
Post a Comment