Monday, 4 April 2016

04-04-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                   ॥ स मा चा र ॥   

देवास जिले के गांवों में होगा ग्राम संसद का आयोजन 

बहुआयामी "ग्राम उदय से भारत उदय अभियान" 14 अप्रैल से
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

      देवास, 04 अप्रैल 2016/ प्रजातंत्र और विकास में ग्रामीणों की अधिकारिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के गांवों में "ग्राम संसद" का आयोजन होगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 14 अप्रैल से 'ग्राम उदय से भारत उदय'' अभियान के तहत यह आयोजन ग्राम स्तर तक किया जाएगा। अभियान सामाजिक सौहार्द और समरसता बढ़ाने, पंचायत राज प्रणाली को मजबूत बनाने, ग्राम विकास और किसान-कल्याण तथा ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में लोगों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल डॉ. अम्बेडकर जयंती से आरंभ हो रहे इस कार्यक्रम के समस्त घटक का ग्राम स्तर तक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सघन प्रशिक्षण तथा सतत मॉनीटरिंग की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले के सभी अधिकारियों को अभियान के संबंध में विस्तार से बताया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला भी उपस्थित थे।
        कलेक्टर ने बताया कि अभियान की शुरूआत डॉ. अम्बेडकर की 125वीं जयंती-14 अप्रैल को होगा। । जिला तथा ग्राम स्तर पर भी सभाएँ एवं संगोष्ठी सभाएँ की जायेगी। इसके बाद 15 अप्रैल से 23 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर सघन ग्राम सभा का आयोजन होगा जिसमें हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा कृषि कार्य-योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना पर कार्य होगा। आगामी 20 अप्रैल से 22 मई की अवधि में ग्राम सभा में हितग्राहीमूलक योजना तथा राजस्व मामलों के आवेदनों का ग्राम, जनपद तथा जिला स्तर पर निराकरण संबंधी कार्यवाही की जाएगी। आगामी 23 से 31 मई के मध्य ग्राम संसद में प्राप्त आवेदन पर की गई कार्यवाही का प्रस्तुतिकरण ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा।
बनेगी पांच वर्षीय विकास योजना
      कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम संसद में शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ग्राम पंचायत की पाँच वर्षीय विकास कार्य-योजना बनाई जाएगी। ग्राम पंचायत की परिसंपत्तियों और हितग्राहीमूलक योजना में पात्रता के सत्यापन संबंधी कार्यवाही की जाएगी। इस अवधि में समग्र डाटाबेस तथा आधार पंजीयन पर भी विशेष कार्य होगा। ग्राम संसद में दिव्यांगों की पहचान तथा उन्हें आवश्यक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन होगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान में राजस्व प्रकरण निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
          अभियान के परिणाममूलक संचालन के लिए जिला स्तर से क्लस्टर-जोन स्तर पर पर्यवेक्षण दल गठित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की प्राथमिकताएँ, स्थानीय जरूरतें परिस्थिति के अनुसार स्वयं तय करें। उन्होंने किसान-कल्याण, स्कूल शिक्षा, खाद्य, जल संसाधन, महिला-बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान में संचालित कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई।
समग्र विकास की कल्पना होगी साकार
         कलेक्टर ने अभियान को महत्वाकांक्षी विचार बताया। अभियान में गाँवों के समग्र विकास की कल्पना को साकार करने वाले कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन पर फोकस रहेगा।          अभियान के दौरान 'स्कूल चलें हम' अभियान की तैयारी, शाला विकास योजना, छात्रवृत्ति वितरण, राशन कार्ड में पात्र सदस्यों को जोड़े जाने, कृषकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देने और योजना से जुड़ने के लिए निर्धारित प्रक्रिया से अवगत करवाने, पशु स्वास्थ्य शिविर, आँगनवाड़ी चलो अभियान के प्रचार-प्रसार और सुपोषण अभियान की गतिविधियाँ भी होंगी। गाँवों में महिला स्व-सहायता एवं युवा उद्यमी सम्मलेन भी होंगे। महिला स्वास्थ्य शिविर की जिला, अनुभाग और विकासखंड स्तर पर नियमित समीक्षा होगी। विशेषकर हाई एनीमिया से ग्रामीण महिलाओं के बचाव और उन्हें प्रति बुधवार को रोशनी क्लीनिक की सुविधा से अवगत और लाभान्वित करने का कार्य मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता करेंगे।
जलाभिषेक अभियान
         अभियान में जल-संरचनाओं के भौतिक सत्यापन की कार्यवाही होगी। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश से अवगत करवाते हुए कहा कि अभियान में जलाभिषेक अभियान के कार्य भी संपादित किए जाएं। ग्रामीण जल-संरचनाओं की मरम्मत एवं रख-रखाव के कार्य भी हाथ में लिए जाएं।
----------------------------

कलेक्टर ने ली तहसीलदारों की बैठक
    देवास, 04 अप्रैल 2016/ जिले में राजस्व अभियान किसानों के लिए चलाया जा रहा है। इसे शत-प्रतिशत सफल बनाएं। अविवादित, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन का एक भी प्रकरण अब शेष नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज जिले के सभी तहसीलदारों की बैठक लेकर यह निर्देश दिए। बैठक में एडीएम कैलाश बुंदेला भी उपस्थित थे।
समयबद्ध चलेगा राजस्व अभियान
    बैठक में कलेक्टर ने सभी से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। सभी तहसीलदारों ने बताया कि गांवों में पटवारी द्वारी बी-वन का वाचन आरंभ कर दिया गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम में बी-वन का वाचन 10 अप्रैल तक चलेगा, इसी अवधि में नामांतरण पंजी में संशोधन प्रविष्टि दर्ज करना एवं इश्तहार, सूचना जारी करने का भी कार्य किया जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 अप्रैल से 28 अप्रैल तक (4 दिवस तक) ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित कराकर ग्राम पंचायत के समक्ष आदेश के लिए पंजी प्रस्तुत किया जाएं। राजस्व अधिकारी द्वारा आदेश पारित करने का कार्य 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संपन्न किया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एक मई से 05 मई तक कम्प्यूटर के रिकॉर्ड में संशोधन का कार्य किया जाएं तथा  6 मई से 11 मई तक भू-अधिकारी पुस्तिका अद्यतन कर किसान को उपलब्ध करा दी जाए।
बी-वन का वास्तविक वाचन किया जाएं
    बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में  बी-वन का वास्तविक वाचन सरपंच, पंच, कोटवार एवं कृषकों की उपस्थिति में किया जाएं। बी-वन के वाचन के लिए प्रत्येक ग्राम के लिए पटवारी स्वयं अपने स्तर से तिथि निश्चित करें तथा मुनादी के लिए पटेल, कोटवार को लिखित में दें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बी-वन के वाचन के लिए निर्धारित समय व स्थान की मुनादी कोटवार द्वारा पूरे गांव में डोंडी पिटवाकर की जाएं।
संशोधित नामांतरण पंजी में दर्ज करें
    बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बी-वन के समय सरपंच, पंच, कोटवार व कृषक उपस्थिति सुनिश्चित की जाएं तथा बी-वन का वाचन धैर्यपूर्वक किया जाएं। साथ ही संशोधित नामांतरण पंजी में दर्ज किया जाएं। भूमि स्वामी की मृत्यु की जानकारी ग्राम पंचायत के जन्म-मृत्यु रजिस्टर से प्राप्त करने पर यह कार्यवाही आसानी से संपन्न की जा सकती है। पटवारी नामांतरण में पंजी संशोधन दर्ज करते समय पटेल, कोटवार व बुजुर्गों के वैध वारिसों की जानकारी अच्छी तरह से कर ली जाएं ताकि बाद में जटिलता न बनें।
    कलेक्टर ने निर्देश दिए कि क्रय-विक्रय व वसीयत के मामले में केवल पंजीकृत दस्तावेज के आधार पर संशोधित नामांतरण पंजी में दर्ज किया जाएं। स्टॉम्प पेपर सादे कागज पर ‍निष्पादित पंजीकृत दस्तावेजों के आधार पर क्रय-विक्रय के नामांतरण, अविवादित नामांतरण पंजी में दर्ज नहीं करें।
जिले से अधिकारी अचानक गांव पहुंचेंगे
    बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व अभियान का कार्य सावधानी पूर्वक प्रत्येक ग्राम में किया जाएं। रेंडम आधार पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर अभियान की समीक्षा की जाएं।
-----------------------------
ग्राम संसद में गांव की सर्वाधिक पढ़ी लिखी
महिला का होगा सम्मान
    देवास, 04 अप्रैल 2016/ जिले में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान में अनेक नवाचार भी होंगे। ग्राम संसद के आयोजन के दौरान गांव की सर्वाधिक पढ़ी लिखी महिला का सम्मान किया जाएगा।
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि अभियान के दौरान समग्र स्वच्छता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। गांव के सर्वाधिक स्वच्छ घर और सर्वाधिक स्वच्छ गली पर भी पुरस्कार दिए जाएंगे। गांव के एक सर्वाधिक स्वस्थ शिशु का चयन कर उसे भी पुरस्कार दिया जाएगा। उस घर के लिए भी एक पुरस्कार नियत किया गया है,  जिसके अहाते में सर्वाधित पेड़ लगे होंगे।
--------------------------------
कलेक्टर ने ली जनपदों के सीईओ की बैठक
    देवास, 04 अप्रैल 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को जिले के सभी जनपद सीईओ की बैठक ली। उन्होंने बैठक में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की तैयारी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए । बैठक में जल सम्मेलन, जल संरक्षण के कार्यों, मनरेगा के कार्य और नि:शक्तजनों की ऑनलाइन फीडिंग की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा भी उपस्थित थे।
--------------------
माताजी की टेकरी में प्रत्येक रविवार को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
    देवास, 04 अप्रैल 2016/ माताजी की टेकरी में सीढ़ी द्वार के निकट बने सांस्कृतिक मंच में प्रत्येक रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की पहल पर सीढ़ीद्वार के निकट मुक्ताराशी रंगमंच बनाया गया है। अब इस रंगमंच के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अवसर देने का प्रयास कलेक्टर द्वारा किया गया है। नगर के अनेक संस्कृतिकर्मियों ने कलेक्टर के इस प्रयास को सराहा है। चंद्रप्रकाश शर्मा, प्रफुल्ल गेहलोद, चेतन पंडित का मानना है कि इस मंच से माताजी की टेकरी की नई सांस्कृतिक पहचान बनेगी।
         सहायक जिला परियोजना अधिकारी स्मिता रावल ने बताया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजस्थानी लोक नृत्य-स्वरगंधा संस्था द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम 10 अप्रैल को शाम 7.30 बजे से 9.30 तक किया जाएगा। बच्चों की फैंसी ड्रेस एवं नृत्य का आयोजन 17 अप्रैल का शाम 7.30 से 9.30 बजे किया जाएगा। नाटक एवं नसतरंग (अभिव्यक्ति कला संस्थान एवं आबिद खां साहब) द्वारा 24 अप्रैल को शाम 7.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। एक मई को शाम 7.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सारंगी वादन निमाड़ी नृत्य यूनिवर्सल क्लासेस द्वारा आयोजित किया जाएगा।  चित्रकला एवं कबीर भजन मानसिंह भोंदिया द्वारा 8 मई को शाम 5.30 बजे से आयोजित किया जाएगा।  सांस्कृतिक गतिविधियां मप्र की लोक कला पर आधारित कार्यक्रम घुंघरू नृत्य अकादमी द्वारा 15 मई को शाम 7.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। दिनांक 22 मई को शाम 7.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम छत्तीसगढ़ी घुंघरू नृत्य अकादमी द्वारा तथा  29 मई को शाम 5.30 बजे से रंगोली, लोकगीत, भजन देवास कला विधिका द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे। मां चामुंडा देवस्थान प्रबंधन समिति की ओर से एसडीएम सारिका भूरिया ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों के माध्यम से जुड़ने का आह्वान किया है।
------------------------------
जिले से बारह हजार लोग जाएंगे महू
         देवास, 04 अप्रैल 2016/ आगामी 14 अप्रैल को महू में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय स्तर पर ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्र में जिले के बारह हजार लोग महूं जाएंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण को नोडल अधिकारी बनाया है। कार्यक्रम में जाने के लिए शासकीय स्तर पर परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। ब्लॉक स्तर पर संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर कार्यालय के नवीन एनआईसी कक्ष को एक कंट्रोल रूम बनाया गया है।
------------------------
पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी 6 अप्रैल को हाटपीपल्या में
         देवास, 04 अप्रैल 2016/ पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी 6 अप्रैल को हाटपीपल्या के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री श्री जोशी सड़क मार्ग द्वारा 6 अप्रैल को शाम 4 बजे भोपाल से हाटपीपल्या रवाना होंगे। वे वहां पर सायं 6.30 बजे पार्टी के स्थापना दिवस अवसर पर आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात रात्रि 8.30 बजे हाटपीपल्या से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
------------------------------ 

हाईटेक जिला प्रशासन को शासन से मिली सराहना
देवास जिला पायलेट प्रोजेक्ट में शामिल
         देवास, 04 अप्रैल 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा ऑनलाइन जनसुनवाई और टाइम लिमिट एप जैसे नवाचारों को शासन स्तर से सराहना मिली है। आज सोमवार को राज्य लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालन संचालक एम. शैलवेंद्रन एवं संचालक (प्रशासन) अमरीश श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ देवास पहुंचे। राज्य लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालन संचालक एम. शैलवेंद्रन ने जिला प्रशासन द्वारा टैक्नोलाजी का उपयोग कर आज जनता के कामों का बेहतर प्रबंधन करने पर कलेक्टर श्री अवस्थी को बधाई दी। उन्होंने जिला पंचायत के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर बताया कि देवास जिले को लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा पायलेट प्रोजेक्ट में शामिल किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से अब लोक सेवा केंद्रों में दी जा रही सुविधाएं जिले के किसी भी एमपी ऑनलाइन के कियोस्क से भी प्राप्त की जा सकेंगी।
         श्री शैलेवेंद्रन बताया है कि नई व्यवस्था अप्रैल माह के अंत तक संभावित है। इससे लोक सेवा केंद्रों का भौगोलिक दायरा भी दूर हो जाएगा। साथ ही एमपी ऑनलाइन द्वारा बिजली बिल भुगतान जैसी कुछ सुविधाएं अब लोक सेवा केंद्रों में भी मिल सकेगी। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने शासन स्तर से मिल रही इस नई व्यवस्था के लिए आभार जताया और कहा कि पायलेट प्रोजेक्ट को जिले में पूरी तरीके से सफल बनाया जाएगा।
देवास जिला पायलेट प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश में चयनित
         जिला प्रबंधक लोक सेवा केंद्र सौरभ जैन ने बताया है कि देवास जिला पायलेट प्रोजेक्ट के लिए पूरे प्रदेश में चयनित यिका गया है। इस संबंध में 4 अप्रैल सोमवार को राज्य लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालन संचालक एवं संचालक अपनी टीम के साथ देवास आएं तथा जिले में होने वाले इस प्रोजेक्ट की गतिविधियों से अवगत कराया। इसमें लोक सेवा केंद्र गारंटी अधिनियम 2010 का पोर्टल mpedistrict.gov.in एवं mponline.gov.in का पोर्टल के इंट्रीगेशन किया जाएगा तथा दोनों पोर्टलों की 5-5 सेवाओं को दिया जाएगा, जिसका सेवाधिकार संपूर्ण देवास जिला रहेगा।

-------------------------------

No comments:

Post a Comment