Wednesday, 13 April 2016

13-04-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
चौथा बंदर भी दे रहा सकारात्मक संदेश
    देवास 13 अप्रैल 2016/ गांधीजी के तीन बंदरों के अलावा एक चौथा बंदर भी माताजी की टेकरी में दर्शनार्थियों को संदेश दे रहा है। बुरा मत बोलो, बुरा मत देखो और बुरा मत सुनो के बाद प्रतिमा में शामिल चौथा बंदर 'बुरा मत सोचो' की सीख देता है। चार बंदरों की यह संयुक्त प्रतिमा टेकरी आने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है

------------------------------

कलेक्टर के किया क्षेत्रीय बीज संग्रहण एवं प्रसंस्करण केन्द्र का शुभारंभ
         देवास 13 अप्रैल 2016/ देवास मण्डी के सामने मण्डी बोर्ड द्वारा निर्मित 2000 मिट्रिक टन के वेयर हाउस को बीज संग्रहण एवं प्रसंस्करण केन्द्र के रुप में परिवर्तित किया गया है। उक्त केंद्र का आज बुधवार को कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अवस्थी ने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से मध्यभारत की यह महत्वपूर्ण पहल है तथा जिले के छोटे किसानों को बीज, अनाज संग्रहण, प्रसंस्करण व ऋण की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा किसानों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आग्रह किया।
    कार्यक्रम में कई जिलों से आए किसान व बीज उत्पादक समितियों व कम्पनियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मध्य भारत कन्सोर्टियम के मुख्यकारी अधिकारी योगेश द्विवेदी, बीज प्रबंधक रवि शर्मा, मण्डी सचिव संजीव श्रीवास्तव, बीज प्रमाणीकरण अधिकारी ए. एस. भंवर, सहायक बीज प्रमाणीकरण अधिकारी विनोद प्रजापति व सहकारी समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे। इस बीज संग्रहण एवं प्रसंस्करण केन्द्र का गठन मध्य भारत कन्सोर्टियम ऑफ फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लि. भोपाल द्वारा किया गया है, जो कि लघु कृषक कृषि व्यापार संघ भारत सरकार कृषि मंत्रालय द्वारा प्रवर्तित है। जिसका उद्देश्‍य पंजीकृत किसानों के उत्पादों की ग्रेडिंग व मानकों के अनुरुप बीज लॉटों की पैकिंग कर किसानों को अधिकतम मूल्य प्रदान करना है।
        मध्य भारत कन्सोर्टियम के मुख्यकारी अधिकारी योगेश द्विवेदी ने बताया कि मण्डी बोर्ड के सहयोग से अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने आगे आने वाले समय में ज्यादा आधुनिक मशीनों को लगाने की योजना के बारे में बताया ताकि श्रेष्ठ गुणवत्ता के उत्पाद तैयार कर किसानों को अधिकतम लाभ दिया जा सके।

----------------------------------

ग्राम संसद के प्रथम दिन विकास रोडमैप होगा तैयार
        देवास 13 अप्रैल 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के मार्गदर्शन में 15 अप्रैल से 15 मई के मध्य सघन ग्राम संसद का आयोजन होगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि प्रथम दिन पंचायतों में विकास का रोडमैप तैयार होगा। इसी दिन ग्राम पंचायत विकास योजना स्मार्ट ग्राम-स्मार्ट पंचायत पर चर्चा होगी। पंचायतों की निधि के सुनियोजित उपयोग पर चर्चा की जाएगी। गांव में स्वच्छ पेयजल की पूर्ति एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने तथा संधारित रखने पर चर्चा की जाएगी।
स्वच्छ पेयजल की उपयोगिता में ग्रामीणों को करें जागरूक
        कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि स्वच्छ पेयजल की उपयोगिता के संबंध में ग्रामजनों में जागरूकता का प्रचार किया जाए। नल योजना जो छोटी-मोटी खराबी के कारण बंद पड़ी हई है, उनकी खराबी की पड़ताल करते हुए ग्राम सहभागिता के माध्यम से चालू करवाया जाएगा। ग्राम विकास में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएं, 14वें वित्त आयोग अंतर्गत प्राप्त होने वाले परफॉरमेंस ग्रांट के परिपेक्ष्य में स्वकराधान पर चर्चा होगी। साथ ही 14वां वित्त आयोग अंतर्गत प्राप्त निर्देशानुसार ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी।
मनरेगा की मजूदरी का भुगतान दिया जाना सुनिश्चित करें
        कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि मनरेगा की लंबित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएं। ग्राम पंचायत द्वारा मनरेगा योजनांतर्गत कराए जा रहे कार्य गुणवत्ता युक्त हो, की निगरानी पर चर्चा होगी। ग्राम पंचायत अंतर्गत निर्माण कार्यों की सतत मॉनीटरिंग की जाएं। खुले में शौच मुक्त करने के लिए संकल्प सरपंच एवं पंचों की उपस्थिति में दिलवाया जाएं।
शाला परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएं
        कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि शाला परिसर का अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएं। शाला परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाया जाएं तथा कोई भी छात्र इसका सेवन कर करें इसके लिए प्रोत्साहित किया जाएं। ग्राम पंचायत की परिसंपत्तियों का सत्यापन एवं पंजी का अद्यतीकरण किया जाएं।
द्वितीय चरण में हितग्राही योजनाओं के बारे में बताया जाएं
        कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि द्वितीय चरण में हितग्राही मूलक योजनाओं का सर्वव्यापीकरण के लिए समग्र डाटाबेस के माध्यम से हितग्राही चिंहांकन, सत्यापन एवं लाभांवित का कार्य किया जाएं। बीपीएल सूची का वाचन एवं सत्यापन ग्राम सभा में पारित  होने वाले प्रस्ताव का प्रारूप  संलग्न करें। पेंशन हितग्राहियों के आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक बचत खाता नंबर दर्ज करवाने का कार्य सुनिश्चित किया जाएं।
दिव्यांगों को प्रमाण पत्र देने कार्य करें
         कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि अभियान के अंतर्गत दिव्यांगों की पहचान एवं जिन दिव्यांगों के प्रमाण पत्र नहीं है, उनका चिंहांकन एवं जिला/विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन करवाया जाएं।
प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएं
         कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि अभियान के अंतर्गत  जाति प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएं। आबादी क्षेत्र के पट्टे/ भू-खंड धारक प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएं। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया जाएं।
महिला स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए
         कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि अभियान के अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य किया जाए। गर्भवती महिलाओं को घर में उचित आहार प्रदाय की सुनिश्चिता के लिए परिवार को जागृत किया जाएं। अतिकम वजन वाले बच्चों के परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध शासकीय योजनाओं का लाभ दिलवाया जाएं। गर्भवती महिलाओं को आंगनवाड़ी केंद्र में पंजीयन एवं उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं, आईएफए टेबलेट का प्रदाय तथा पूरक पोषण आहार की उपलब्धता की सुनिश्चितता की जाएं।
कृषि योजनाओं का लाभ दिया जाएं
         कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा के माध्यम से जैविक खेती, प्रधानमंत्री फसल बीमा, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित अन्य कृषि संबंधित योजनाओं का लाभ दिया जाएं। साथ की किसानों को जल संरक्षण, जल संवर्धन के कार्यों का चिन्हांकन किया जाएं।
-----------------------------
ग्राम उदय से भारत उदय अभियान अंतर्गत नि:शक्तजनों के लिए शिविर
        देवास 13 अप्रैल 2016/ ग्राम उदय से भारत उदय अभियान 14 अप्रैल से 31 मई तक मनाया जा रहा है। अभियान अंतर्गत नि:शक्तनों के परीक्षण एवं वितरण शिविरों को आयोजन विकासखंड स्तर पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
    निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 2 मई को जनपद पंचायत देवास में, 3 मई को जनपद पंचायत सोनकच्छ में, 5 मई को जनपद पंचायत कन्नौद में, 6 मई को जनपद पंचायत खातेगांव में, 12 मई जनपद पंचायत बागली में तथा 13 मई को जनपद पंचायत टोंकखुर्द में शिविर होगा।
    कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि शिविर आयोजन की मुख्य व्यवस्थाओं में टेंट, बिछायत, पेयजल, भोजन, छाया, लाइट, माइक, जनरेटर एवं नि:शक्तजनों के आवागमन, नि:शक्तजनों के पंजीयन, परीक्षण, फोटो, स्वरोजगार पंजीयन की व्यवस्थाएं होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि शिविर में नि:शक्तजनों के फोटो निकालने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि नि:शक्तजनों को शिविर स्थल पर ही जिला मेडिकल बोर्ड के चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी किए जा सके। ग्राम के सभी नि:शक्तजनों को शिविर स्थल पर लाने ले जाने की जिम्मेदारी संबंधित पंचायत सचिव की होगी। शिविर में मानसिक नि:शक्तजनों को नहीं लाया जाएं।
    कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि प्रभारी अधिकारी जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र यह सुनिश्चित करेंगे कि श्रवण बाधित‍ नि:शक्तजनों की ऑडियोमेट्री जांच अनिवार्यत: उसी दिन शिविर स्थल पर ही हो सकें। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करें तथा ‍निशक्तजनों को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरणों एवं सर्जरी की पहचान कर सूचीबद्ध किया जाएं। कृत्रिम अंग/सहायक उपकरणों पर होने वाला व्यय मप्र निराश्रित एवं निर्धन व्यक्तियों की सहायता नियम 2013 के अंतर्गत व्यय किया जाएगा।
    नि:शक्तजनों के परीक्षण सह मूल्यांकन शिविरों के आयोजन पर होने वाला व्यय राष्‍ट्रीय सामाजिक कार्यक्रम (पेंशन योजना)  योजनांतर्गत प्राप्त प्रशासकीय मद की राशि से किया जाए। प्रशासकीय मद में राशि उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में व्यय निराश्रित निधि की ब्याज की राशि से किया जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आयोजन में करें आमंत्रित
    कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि शिविर में स्थानीय एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्यत: सम्मान आमंत्रित किया जाएं। शिविर स्थल का चयन स्थानीय स्तर पर सभी सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए किया जाए एवं प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
-----------------------------

      ग्राम उदय से भारत उदय अभियान 14 अप्रैल से
    देवास 13 अप्रैल 2016/ जिले में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान 14 अप्रैल से 31 मई 2016 तक आयोजित किया जायेगा। डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर आज प्रत्येक ग्राम में ग्राम सभाएं आयोजित की जायेंगी।
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि 15 अप्रैल से 15 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर तीन दिवसीय ग्राम संसद का आयोजन किया जायेगा। प्रथम दिवस जीपीडीपी, द्वितीय दिवस हितग्राही मूलक योजनाओं तथा तृतीय दिवस कृषि योजना पर चर्चा की जायेगी। इसी प्रकार 20 अप्रैल से 22 मई तक ग्राम सभाओं में प्राप्त हितग्राही मूलक आवेदनों पर कार्रवाई पूर्ण की जायेंगी एवं राजस्व मामलों का निराकरण किया जायेगा। 23 मई से 31 मई तक ग्राम सभा में की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्तुत किया जायेगा। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री के सम्बोधन का प्रसारण होगा तथा 04 जून को जिला स्तर पर नियमानुसार/ तकनीकी प्रतिवेदन के आधार पर कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत की जायेगी।
------------------------------
मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम 16 अप्रैल को
    देवास 13 अप्रैल 2016/ मध्यस्थता योजना के प्रचार-प्रसार के लिए मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 16 अप्रैल को दोपहर 2.15 बजे मध्यस्थता केंद्र के सभाकक्ष में होगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय देवास ने जागरूकता कार्यक्रम में सभी न्यायाधीश, अधिवक्तागण, मध्यस्थ, मीडिया, न्यायालय स्टॉफ, पीएलवी कार्यकर्ता, पैनल लायर, पक्षकार एवं आमजन से उपस्थित का आग्रह किया है। वे इस मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित होकर मध्यस्थता के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें एवं मध्यस्थता का लाभ लेंवे।
-----------------------
सेवा प्रबंधन एवं एम.पी. ऑनलाईन के पोर्टल इंटीग्रेशन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित
         देवास 13 अप्रैल 2016/ लोक सेवा प्रबंधन एवं एम.पी. ऑनलाईन के पोर्टल इंटीग्रेशन के संबंध में प्रशिक्षण आज बुधवार को आईटीआई में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में लोक सेवा केन्द्रों एवं एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क के पोर्टल के इंटीग्रेशन एवं ऑनलाईन पेमेंट गेटवे के मॉडल को देवास में पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जाने के संबंध में बताया गया।
     प्रशिक्षण में भोपाल से सीनियर प्रोग्रामर विजेन्द्र गगरानी, गजेन्द्र सावले, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शैलेन्द्र नाहर, तथा जिला प्रबंधक, लोक सेवा प्रबंधन देवास सौरभ जैन द्वारा सभी लोक सेवा केन्द्र संचालकों को लोक सेवा प्रबंधन के पोर्टल www.mpedistrict.gov.in पर एम.पी. ऑनलाईन की पाँच सेवाएं (बिजली बिल का भुगतान, हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी मार्कशीट में संशोधन, ऑनलाइन साईंबर ट्रेज़री चालान का भुगतान, ड्रग्स सेल्स लाइसेंस जारी करना, ड्रग्स सेल्स लाइसेंस का नवीनीकरण करना) एवं एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क संचालकों को लोक सेवा प्रबंधन की सेवाओं (प्रसूति सहायता योजना का लाभ प्रदान करना, कानूनी बाध्यता के कारण स्थानीय प्रमाण पत्र जारी करना, कानूनी बाध्यता के कारण आय प्रमाण पत्र जारी करना, जन्म का अप्राप्यता प्रमाण पत्र, मृत्यु का अप्राप्यता प्रमाण पत्र) की कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया। एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क संचालकों को आवेदन दर्ज करने एवं लगने वाले संलग्नकों को डिजिटल हस्ताक्षर उपरांत पदाभिहित अधिकारी को ऑनलाईन प्रेषित किये जाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
     प्रशिक्षण में समस्त को डिजिटल हस्ताक्षर के उपयोग एवं महत्ता के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत पोर्टल पर लगने वाले दस्तावेजों एवं आवेदन करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। वर्तमान में पायलेट के तौर पर प्रथम चरण में एम.पी. ऑनलाईन की पाँच सेवाएं लोक सेवा केन्द्र संचालक दे सकेंगे एवं लोक सेवा प्रबंधन की 05 सेवाओं को एम.पी. ऑनलाईन द्वारा दी जा सकेगी।

-------------------------------

No comments:

Post a Comment