05-04-2016
॥ स मा चा र॥
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
जनसुनवाई में टेकरी को सुअरों से मुक्त कराने की मांग
कलेक्टर एवं एसपी ने की जनसनुवाई
देवास, 05 अप्रैल 2016/ जनसुनवाई
में आज विविध विषयों के आवेदन कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला
के समक्ष प्रस्तुत किए गए। सुधीर कुशवाह, वीरसिंह एवं अन्य श्रद्धालुओं ने कलेक्टर
से मिलकर टेकरी में किए गए विकास कार्यों के लिए आभार जताया और साथ ही टेकरी को पूरी
तरह से सुअर मुक्त बनाने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि यह पवित्र स्थल है और गंदगी
से भावना आहत होती है। जिला मुख्यालय में जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति
मंदिर में आवेदकों ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के समक्ष
आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर एसपी ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों
को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसडीएम सारिका भूरिया तथा
अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे।
आर्थिक मुआवजा
दिलवाया जाए
जनसुनवाई
में आवेदक दिनेश रामलाल निवासी टोंकखुर्द ने आवेदन देकर 16 मार्च 2016 को रात में अचानक
उसकी झोपड़ी में आग लग जाने से उसकी गृहस्थी का सामान जल गया। उसने बताया कि उसके पास
न खाने को अनाज है और नही पहनने का कपड़े है। उसे शासन की ओर से आर्थिक मुआवजा दिलवाया
जाए। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार टोंकखुर्द को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
शासन की ओर से
अनुदान दिलवाया जाए
आवेदक गजेंद्र
पिता संतोष निवासी लक्ष्मण नगर देवास ने आवेदन देते हुए बताया कि उसकी दुकान कालानीबाग
लोकल ऑफिस के पास अटाले सामग्री की दुकान है। विगत दिनों अज्ञात लोगों द्वारा उसकी
दुकान में आग लगा दी गई, जिसमें पूरा सामान और 2 हजार रुपए जलकर राख हो गए। उसका एवं
उसके परिवार का लालन-पालन इसी दुकाने के सहारे होता था। अब उसके पास दूसरी दुकान के
लिए पैसे भी नहीं है। अत: उसे शासन की ओर से अनुदान दिलवाया जाए। इस पर कलेक्टर ने
तहसीलदार देवास को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
जमीन का सीमांकन
नहीं किया जा रहा
जनसुनवाई
में आवेदक लालसिंह रामाजी निवासी बालोन तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देते हुए बताया कि
उसकी जमीन बालोन में है, जिसका हल्का सर्वे
नंबर 209,210, रकबा 1.690 है एवं मांगीलाल भेराजी की जमीन आवेदन ने खरीदी जिसका सर्वे
नंबर 27/2, 296/3 है तथा करणसिंह राठौर एवं सुरेशसिंह बद्रीलाल की जमीन का सर्वे नंबर
212 खरीदी है। इन भूमियां का सीमांकन करने के लिए बार-बार तहसील टोंकखुर्द में आवेदन
दिया पर सीमांकन नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार टोंकखुर्द को जांच
कर निराकरण के निर्देश दिए।
धोखे से जमीन
पर कब्जा करने की कोशिश
आवेदक छीतु
पिता चेनाजी निवासी ग्राम डेहरिया तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देते हुए बताया कि उसके
गांव के एक अन्य व्यक्त्िा ने बैंक से लोन
दिलवाने एवं 50 हजार रुपए का लालच देकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं तथा इस
संबंध में उसने थाने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर कलेक्टर जांच कर कार्रवाई के
निर्देश संबंधित तहसीलदार को दिए।
शासकीय भूमि
पर अवैध रूप से कब्जा किया
जनसुनवाई
में आवेदक चेतनसिंह पिता रामाजी निवासी ग्राम कुलाल तहसील सोनकच्छ ने आवेदन देते हुए
बताया कि गांव के व्यक्ति ने शासकीय जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना लिया है।
इस पर कलेक्टर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलाली की दुकान
हटवाई जाए
ग्राम नागदा
तहसील देवास के ग्रामवासियों ने आवेदन देते हुए बताया कि गांव के गोया क्षेत्र में
कलाली की दुकान खोली जाने से वहां का वातावरण खराब हो रहा है। शराब पीकर लोग निकलते
हैं तथा गालियां देकर अश्लील हरकतें करते है, जिससे महिलाओं को निकलना दुर्भर हो गया
है तथा बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश
संबंधित विभाग को दिए।
आवासीय पट्टे
का सीमांकन किया जाए
आवेदक मनोहर
रामरतन भूतपूर्व सैनिक निवासी गायत्री नगर सिरोल्या ने आवेदन देते हुए बताया कि उसे
ग्राम पंचायत सिरोल्या द्वारा एक आवासीय पट्टा 11 जून 2009 को 30 बाय 50 फीट का प्रदान किया गया था, जिस उसके पड़ौसी ने कब्जा
रखा है। इसकी शिकायत पूर्व में सरपंच एवं सचिव को भी गई। सरपंच एवं सचिव द्वारा आवंटित
पट्टे का सीमांकन नहीं किया जा रहा है। उसकी जमीन का सीमाकंन करवाया जाए। इस पर कलेक्टर
ने तहसीलदार देवास को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
--------------------------------
पैगोड़ा से बढ़ी टेकरी की सुंदरता
देवास, 05 अप्रैल 2016/ माताजी की टेकरी में
पैगोड़ा की शक्ल में बने विश्राम स्थलों से पर्वत की सुंदरता बढ़ गई है। कलेक्टर आशुतोष
अवस्थी ने स्वयं के द्वारा की गई डिजाइन से देवास विकास प्राधिकरण के माध्यम से ये
पैगोड़ा बनाए हैं। टेकरी में कुल 5 पैगोड़ा बन चुके हैं अभी चार का निर्माण चल रहा है।
यहां से शहर का सुंदर दृश्य दिखाई देता है। पुंजापुरा से आए दर्शनार्थी हरेसिंह भायल
ने बताया कि पर्वत की परिक्रमा करते-करते कुछ समय विश्राम के लिए यहां रूकना बेहत सुकून
देता है। दर्शनार्थियों के लिए छाया और पानी की व्यवस्था यहां की गई है।
------------------------------
कुमार गंधर्व
संगीत समारोह 8-9 अप्रैल को
कलेक्टर ने दिए
व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश
देवास 05 अप्रैल 2016/ कुमार गंधर्व संगीत समारोह
का आयोजन 8 एवं 9 अप्रैल को देवास में किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश शासन संस्कृति विभाग
की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा जिला प्रशासन देवास के सहयोग
से किया जाएगा। आयोजन का स्थान मल्हार स्मृति मंदिर एवं समय सायं 7.30 से रखा गया है।
कायर्क्रम में प्रवेश हर बार की तरह नि:शुल्क होगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कार्यक्रम
की व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश नगर निगम देवास व संबंधित विभागों को दिए हैं।
उदय का गायन,
जयदीप घोष का सरोद वादन
उस्ताद अलाउद्दीन
खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक ने बताया कि समारोह के पहले दिन 8 अप्रैल को कार्यक्रम
का आरंभ कोलकाता श्री जयदीप घोष के सरोद वादन से होगा। इसके पश्चात नई दिल्ली के श्री
उदय कुमार मलिक का गायन होगा।
दूसरे दिन की
प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दूसरे दिन 9 अप्रैल को कार्यक्रम की
शुरूआत श्री आरके श्रीधर के वायोलीन वादन से होगी। दूसरी प्रस्तुति मुंबई की सुश्री
शाश्वती मंडल पॉल का गायन एवं कार्यक्रम का समापन इंदौर की सुश्री सोनल तिवारी के कथक
नृत्य से होगा।
ये रहेंगे सहयोगी
कलाकार
कार्यक्रम
में सहयोगी कलाकार के रूप में तबले पर श्री हितेंद्र दीक्षित इंदौर, श्री रामेंद्रसिंह
सोलंकी भोपाल, श्री मनीष खरणोकर इंदौर एवं हारमोनियम पर श्री गोविंद पोटधन इंदौर, श्री
विवेक बनसोड़ उज्जैन और मृदंगम पर वीपी सुधीर दिल्ली एवं मोर्सिग पर श्री रविकिरण दिल्ली
संगत करेंगे।
--------------------------
विशेष जनसमस्या
निवारण शिविर सोनकच्छ एवं बागली में
देवास 05 अप्रैल 2016/ विशेष
जन समस्या निवारण शिविर जनपद पंचायत सोनकच्छ में 6 एवं 7 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
इसी प्रकार बागली जनपद पंचायत में 11 एवं 13 अप्रैल को शिविर आयोजित किया जाएगा।
---------------------------
जिला योजना की
समिति 13 अप्रैल को
देवास 05 अप्रैल 2016/ जिला योजना समिति की बैठक आगामी
13 अप्रैल को दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री
एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बैठक में सभी सदस्यों से उपस्थिति का आग्रह किया है।
बैठक का एजेंडा
बैठक में
पिछली बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार विभागवार पालन प्रतिवेदन की समीक्षा, लोकस्वास्थ्य
यांत्रिकी (ग्रामीण पेयजल), ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की तैयारियों की समीक्षा,
गेहूं उपार्जन की समीक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा तथा
विकेंद्रीकृत जिला योजना वर्ष 2016-17 का अनुमोदन तथा अन्य विषयों के एजेंडों पर अध्यक्ष
की अनुमति से समीक्षा की जाएगी।
---------------------------
No comments:
Post a Comment